पिथौरागढ़। भाजपा ने 25 जून 1975 में लगाए गए आपातकाल के 48 साल पूरे होने पर काला दिवस मनाया और कांग्रेस को धिक्कारा। कार्यालय में वरिष्ठ कार्यकर्ता धरम सिंह भंडारी व पूर्व नगरपालिकाध्यक्ष प्रेमा सौन ने आपातकाल से जुडी यादों व घटनाओं को कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया। रविवार को नगर के खड़कोट स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने आपातकाल को काला दिवस के तौर पर मनाया। कार्यालय में आयोजित आपातकाल प्रबुद्घ सम्मेलन का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दीप जलाकर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश ने कहा कि देश में आपातकाल की घोषणा ना केवल संविधान को खत्म करने की साजिश थी, बल्कि देश के एकता अखंडता व संप्रभुता पर आघात था। प्रदेश प्रवक्ता जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ संविधान की हत्या करने का काम किया है। भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान मजदूर, दलित, शोषित, वंचित लोगों की फिक्र करने के साथ-साथ उनके आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान इमरजेंसी पर बनी डक्यूमेंट्री दिखाई गई। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, केदार जोशी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मनोज सामंत, वीरेंद्र बोरा, वीरेंद्र शाह, कोमल मेहता, विनोद भट्ट, दीपक कार्की, रघुवीर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।