देहरादून(। दून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस लाइन में परेड के निरीक्षण के दौरान पुलिसवालों संग दौड़ लगाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने पुलिस मैस और क्वार्टर गार्द में गंदगी होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अभिलेख अधूरे होने भी पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई। शुक्रवार को एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान एसएसपी डोबाल ने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई। परेड समाप्ति के बाद एसएसपी डोबाल ने पुलिस लाइन का भ्रमण किया। उन्होंने क्वार्टर गार्द के निरीक्षण में बैरक में सफाई व्यवस्था सही न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने को गार्द कमांडर व पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी। कहा कि अनुशासन के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा। परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी दून द्वारा वाहनों की लाग बुक एवं रनिंग रजिस्टरों को चेक किया जिसमें रजिस्टर अपडेट नहीं मिले। पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट टेªनिंग सेंटर के निरीक्षण के दौरान बैरिकों व मैस में सफाई व्यवस्था पर असंतोष जाहिर किया। एसएसपी ने मैस सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा मैस में रिक्रूट आरक्षियों के लिये भोजन की गुणवत्ता को उच्च कोटी की रखने की बात कही। उन्होंने मैस के गोदाम में कच्चे राशन के भण्डारण को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिये गये। —– बम डिस्पोजल टीम के कर्मियों का प्रशिक्षण कराएं: बीडीएस शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बीडीएस प्रभारी से उनके पास उपलब्ध उपकरणों तथा किसी आकस्मिक स्थिती की सूचना पर उनके द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियों के सम्बनध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किसी संदिग्ध वस्तु व बम की सूचना पर आपसी समन्वय के साथ त्वरित सर्च अभियान व कार्यवाही को थाना पुलिस तथा बम डिस्पोजल टीम के कर्मियों का प्रशिक्षण कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन भ्रमण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक से लाइन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में भी जानकारी ली।