दून विवि व आईआईटी मद्रास मिलकर करेंगे शोध

Spread the love

देहरादून। विभिन्न क्षेत्रों में अब दून विश्वविद्यालय आईआईटी मद्रास के साथ मिलकर शोध करेगा। इसके लिए विवि को अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की योजना के तहत आईआईटी मद्रास के पार्टनरशिप फॉर एक्सीलेरेटेड इनोवेशन एंड रिसर्च (पेअर) नेटवर्क में शामिल कर लिया गया है। विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इसके लिए आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी कामाकोटि का आभार व्यक्त किया है। प्रो. डंगवाल ने बताया कि आईआईटी मद्रास पिछले कई वर्षों से एनआईआरएफ रैंकिंग में लगातार प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुमाऊ विश्वविद्यालय और दून विश्वविद्यालय पूरे उत्तराखंड राज्य में केवल दो संस्थान हैं जो इस प्रतिष्ठित पेअर प्रोग्राम का हिस्सा बनने में सफल रहे हैं।
इस पार्टनरशिप का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप अनुसंधान में विषय व अन्य तरह के सहयोग और इनोवेशन को बढ़ावा देना है। प्रो. डंगवाल के अनुसार एएनआरएफ का उद्देश्य अनुसंधान और विकास को विकसित करना और बढ़ावा देना है। ताकि भारत के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, शोध संस्थानों और अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाओं में अनुसंधान और इनोवेशन की संस्कृति को बढ़ाया जा सके। ये उद्योग, शिक्षा जगत, सरकारी विभागों और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा और वैज्ञानिक एवं संबंधित मंत्रालयों के अलावा उद्योगों और राज्य सरकारों की भागीदारी और योगदान के लिए एक इंटरफेस सिस्टम तैयार करेगा। विवि की मुख्य समन्वयक डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि एएनआरएफ का पेअर हब संस्थानों और उनके स्पोक भागीदारों के बीच रणनीतिक साझेदारी बनाकर भारत के शैक्षणिक परिदृश्य की शोध क्षमता को बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है। बताया कि विवि के रिसर्च स्कॉलर और फैकल्टी मेम्बर पीएआईआर नेटवर्क के तहत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा, एडवांस्ड मैटेरियल और इंडस्ट्री चार जैसे बहुत महत्वपूर्ण क्षेत्रों आईआईटी मद्रास के साथ अनुसंधान करने में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *