करण जौहर की फिल्म दोस्ताना में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी खूबसूरती और अभिनय से एक यादगार देसी गर्ल की छवि बनाई। उस वक्त प्रियंका मिस वर्ल्ड का ताज जीतकर बॉलीवुड में छा चुकी थीं। सालों बाद दोस्ताना 2 में अब नई देसी गर्ल आ गई है और इतिहास खुद को दोहराता दिख रहा है। प्रियंका के नक्शेकदम पर चलते हुए अब पूर्वमिस इंडिया सिनी शेट्टी, लक्ष्य लालवानी और विक्रांत मैसी संग स्क्रीन शेयर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।धर्मा प्रोडक्शंस की दोस्ताना 2 अपनी कास्टिंग और बदलावों को लेकर काफी समय से चर्चा में रही है। इसकी शूटिंग सबसे पहले लक्ष्य लालवानी, कार्तिक आर्यन और जाह्नवी कपूर के साथ शुरू हुई थी। निर्माताओं और कार्तिक के बीच अनबन की खबरों के बाद, कार्तिक इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए। इस बड़े बदलाव के बाद धर्मा प्रोडक्शंस ने फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब सालों बाद, फिल्म एक नई स्टारकास्ट के साथ वापसी कर रही है।
इतिहास एक बार फिर खुद को दोहराने जा रहा है। जिस तरह 2008 में मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा ने दोस्ताना में अपनी अदाओं से देसी गर्ल का खिताब पाया था, अब एक और सौंदर्य प्रतियोगिता की विजेता इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मिस इंडिया सिनी शेट्टी इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। सिनी ने साल 2022 में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था।
साल 2025 में फिल्म के पुनरुद्धार के बाद लक्ष्य लालवानी के साथ अब विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ये विक्रांत की धर्मा प्रोडक्शंस के साथ पहली फिल्म होगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि निर्माता सिनी शेट्टी को फाइनल करने से पहले 3 अन्य अभिनेत्रियों के नाम पर विचार कर रहे थे, लेकिन आखिरकार सिनी की प्रतिभा ने उन्हें ये बड़ा मौका दिलाया। अब सिनी फिल्म की देसी गर्ल परंपरा को एक बार फिर पर्दे पर जीवंत करेंगी।
सिनी के लिए दोस्ताना 2 मिलना सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सपने के सच होने जैसा है। दरअसल, सिनी हमेशा से प्रियंका को अपनी प्रेरणा मानती आई हैं। अब कुदरत का करिश्मा देखिए, सिनी को अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म उसी फ्रेंचाइजी की मिली है, जिसने प्रियंका को देसी गर्ल बनाया था। बता दें कि दोस्ताना बॉलीवुड की उन चुनिंदा फिल्मों में से है, जिसने ग्लैमर, कॉमेडी और एक बोल्ड विषय को बड़ी खूबसूरती से पर्दे पर उतारा था।
००