श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के भौतिकी विज्ञान विभाग के डा. आलोक सागर गौतम को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) की गढ़वाल विवि इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। रविवार को हाईब्रिड मोड पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ऑनलाइन बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। विश्वविद्यालय के बिड़ला, पौड़ी और टिहरी परिसर के संकाय सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से गठित कार्यकारिणी में बिड़ला परिसर भौतिकी विज्ञान विभाग में कार्यरत डा. आलोक सागर गौतम को अध्यक्ष, पौड़ी परिसर के वाणिज्य विभाग में कार्यरत प्रो. अनूप पांडेय को उपाध्यक्ष और बिड़ला परिसर के पत्रकारिता विभाग में कार्यरत डा. साकेत भारद्वाज व टिहरी परिसर के शिक्षा विभाग में कार्यरत डा. हेमराज को संयुक्त महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं बिड़ला परिसर के शिक्षा विभाग में तैनात डा. देवेंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र कुमार तथा महिला विंग की उपाध्यक्ष डा. अलका सूरी मौजूद रहे। कार्यकारिणी में अन्य सदस्य के रूप में डा. सुबोध, डा. विनीत कुमार मौर्या, डा. रोहित कुमार, डा. पिया राय चौधरी, डा. अपर्णा सिंह को मनोनीत किया गया। वहीं, बैठक में महासंघ की भावी कार्ययोजना पर भी विचार किया गया, जिसमें शिक्षकों के वेतन, भत्ते, सेवा शर्तों और पदोन्नति से जुड़े विषयों पर कार्य करने पर विचार किया गया। साथ ही सामाजिक सरोकार, शैक्षिक गुणवत्ता, अनुसंधान एवं नवाचार, ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की योजना पर चर्चा की गई। नवनियुक्त अध्यक्ष डा. आलोक सागर गौतम ने बताया कि 1988 में स्थापित यह संगठन वर्तमान में देश के 24 राज्यों में सक्रिय है और इससे 50 से अधिक विश्वविद्यालय स्तरीय संगठन तथा 13 लाख से अधिक शिक्षक सदस्य जुड़े हुए हैं। महासंघ का उद्देश्य भारतीय शिक्षा प्रणाली में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं भारतीय मूल्यों को समाहित करते हुए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। संगठन द्वारा समय-समय पर शिक्षकों के प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम सुधार, शोध कार्य को बढ़ावा, बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं।