श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ममता आर्य स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार-2025 से सम्मानित हुई हैं। हिमालयन एजुकेशनल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (हडर्स) ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया है। लेखक गांव (थानों) देहरादून में आयोजित स्पर्श गंगा महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक एवं प्रसिद्ध पर्यावरणविद् पद्म विभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। हडर्स के सचिव एवं स्पर्श गंगा अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. अतुल जोशी ने बताया की डॉ. ममता आर्य को यह पुरस्कार उनके शोध व शिक्षक प्रणाली में नवाचार के लिए दिया गया है। डॉ. ममता आर्य को पुरस्कार स्वरूप स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और 11 हजार रुपए की नकद राशि भी दी गई है। चयन समिति में पर्यावरणविद् व पद्मश्री सम्मानित कल्याण सिंह रावत मैती, शिक्षाविद प्रो. अतुल जोशी, प्रो. प्रभाकर बडोनी, विदुषी निशंक, डॉ. एसडी तिवाडी, प्रो. सीएस जोशी, हडर्स के अध्यक्ष केके पांडे शामिल थे। डॉ. ममता आर्य की उपलब्धि पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने खुशी जाहिर की है। (एजेंसी)