श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय श्रीकोट में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सर्जरी विभाग के एचओडी एवं वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. राकेश रावत को चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि डिप्टी चिकित्सा अधीक्षक ब्लड बैंक की प्रोफेसर डा. दीपा हटवाल को बनाया गया है। नई जिम्मेदारियों को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने आदेश जारी किए हैं। डॉ. सयाना ने बताया कि यह बदलाव विभागीय रूटीन प्रक्रिया के तहत किया गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रशासनिक अनुभव के आधार पर अवसर प्रदान किया जा रहा है। नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रावत एवं डिप्टी एमएस डा. हटवाल ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद बेस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, आपातकालीन विभाग, ओपीडी एवं मैटर्न स्टाफ से संवाद स्थापित कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और स्टाफ की उपस्थिति की भी बारीकी से समीक्षा की। पूर्व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजेय विक्रम सिंह ने डॉ. रावत को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। डॉ. राकेश रावत वर्ष 2007 से 2014 तक बेस अस्पताल में बतौर सर्जन सेवाएं दे चुके हैं। वे अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में अपनी सेवाएं देते रहे हैं। 11 वर्षों बाद श्रीनगर बेस अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन के साथ डॉ. रावत चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। (एजेंसी)