नाली हुई गायब, हाईवे पर बह रही गंदगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एक ओर जहां नगर निगम वर्षा जल निकाली के लिए योजना तैयार कर रहा है। वहीं, शहर में सड़क किनारे नालियां गायब होने से घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे व्यापारियों व आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। जगह-जगह फैली गंदगी के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा।
शहर में शायद ही कोई ऐसा वार्ड हो जहां क्षतिग्रस्त नालियों के कारण सड़क पर बहता गंदा पानी न दिखाई दें। अव्यवस्थाओं के कारण लगातार शहर की सूरत बिगड़ती जा रही है। सबसे बुरी स्थिति झंडाचौक से राजकीय बेस चिकित्सालय के मध्य बनी हुई है। यहां मुख्य डाकघर के बाहर नाली गायब होने से गंदगी सड़क पर बहती रहती है। जबकि, उसी के समीप जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी का भी आवास है। मानपुर, पदमपुर व शिवपुर क्षेत्र के साथ ही भाबर के विभिन्न वार्डो में भी यह स्थिति देखने को मिल रही है। नजीबाबाद रोड, घराट रोड में तो कई लोगों ने नाली पर ही पक्का निर्माण करवा दिया है। जिसके कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती और गंदगी सड़क पर ही बहती रहती है। गंदगी के कारण व्यापारियों का अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। साथ ही आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *