जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली की ओर से आर्मी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक नाट्य कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुई, जिसने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल तथा समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यशाला का संचालन राइकेन नगोमले, चीफ (थिएटर-इन-एजुकेशन) एवं सहायक प्राध्यापक, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ डॉ. प्रभात भास्करण, विजिटिंग विशेषज्ञ, तथा अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। रचनात्मकता के विकास तथा प्रदर्शन कलाओं के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में अभिनय, अभिव्यक्ति एवं मंच प्रस्तुति से संबंधित विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। विद्यार्थियों को नाटक एवं रंगमंच की मूलभूत अवधारणाओं से व्यावहारिक, हाथों-हाथ अनुभव के माध्यम से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों को तीन समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह के लिए परिसर के विभिन्न स्थानों पर संरचित नाट्य कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन सत्रों के माध्यम से उन्हें आधुनिक तकनीकों एवं प्रदर्शन कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे उनकी सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला। इस मौके पर प्रधानाचार्य विजेन्द्र दत्त सुन्द्रियाल ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की पूरी टीम का इस प्रकार की पाठ्येतर गतिविधियों के कुशल संचालन के लिए आभार व्यक्त किया। कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन हेतु सदैव तत्पर रहेगा।