बागेश्वर। कपकोट नगर व ग्रामीण क्षेत्र में पानी का संकट तीसरे दिन भी बरकरार रहा। रविवार को भी लोगों को पानी के लिए सरयू नदी में दौड़ लगानी पड़ी। सबसे अधिक परेशानी होटल कारोबारियों को उठानी पड़ रही है। इसके अलावा पांच हजार लोग प्रभावित हैं। लोगों ने जल संस्थान ने पानी की आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गुरुवार से पेयजल आपूर्ति प्रभावित चल रही है, शनिवार की तर्ज पर रविवार को भी नलों में एक भी बूंद पानी नहीं टपका। पानी के अभाव में उनकी दिनचर्या प्रभावित हो गई है। हैंडपंपों, स्रोतों वे नदी से पानी लाने में उनका पूरा समय बर्बाद हो रहा है। कपकोट नगर और कुछ हिस्सा गांव का इस पंपिंग योजना (छेती पम्पिंग) पर निर्भर है। लगभग पांच हजार की आबादी प्रभावित है। उन्होंने विभाग से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। मांग करने वालों में व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष शेर सिंह, बसंत जोशी, हरीश कपकोटी, हरीश ऐठानी, जगदीश सिंह, सरस्वती देवी, इंद्रा देवी आदि शामिल हैं। इधर जल संस्थान के जेई नीरज हरड़िया ने बताया कि पंपिंग में इलेक्ट्रिक फॉल्ट आने से बार-बार फ्यूज उड़ जा था। बाजपुर से तकनीशियन पहुंच गए हैं। मरम्मत कार्य जारी है। जल्द ही पेयजल व्यवस्था सुचारू हो पाएगी।