पुनाड़ गदेरा उफान पर आने से पेयजल आपूर्ति ठप

Spread the love

रुद्रप्रयाग। नगर मुख्यालय को पानी आपूर्ति कराने वाले पुनाड़ गदेरे के ऊफान पर आने से नगर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। ताज्जुब इस बात है कि इस समस्या को कई साल हो गए हैं किंतु जल संस्थान और प्रशासन ने आज तक इस गंभीर समस्या से जनता को निजात नहीं दिलाई है। पंपिंग योजना के प्रस्ताव भी आज तक धरातल पर नहीं उतर सका है। बीते सायं और शनिवार सुबह हुई भारी बारिश के चलते पुनाड़ गदेरे का जल स्तर बढ़ गया और पानी मिट्टी के रंग में तब्दील हो गया। ऐसे में हर बार की तरह जल संस्थान ने भी सप्लाई बंद कर पुनाड़ गदेरे आने का हवाला देते हुए रोज की तरह अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर दी किंतु जनता बिना पानी के परेशान है। नगर की करीब 15 हजार लोगों को इस गदेरे से पानी दिया जाता है किंतु गदेरे का पानी बदरंग है और नल सूखे पड़े हैं ऐसे में जनता पानी की बूंद बूंद के लिए तरस रही है। स्थानीय निवासी शैलेंद्र गोस्वामी, प्रदीप चौधरी, कांता नौटियाल, केपी ढौंडियाल, मनमोहन शुक्ला, जितेंद्र खन्ना आदि ने कहा कि दशकों गुजर जाने के बाद भी पानी की समस्या को लेकर जल सस्थान और प्रशासन द्वारा हर साल वहीं रटा रटाया जबाब दिया जाता है। आज तक नई व्यवस्था और समाधान की दिशा में कोई प्रयास नहीं किए गए जिससे नगर में आवादी तो बढ़ती ही जा रही है किंतु शुद्ध और नियमित पानी की आपूर्ति के लिए कोई नए प्रयास नहीं किए गए हैं जिससे लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इधर जल संस्थान के ईई संजय सिंह ने कहा कि पंपिंग योजना के स्वीकृत होने के बाद ही समस्या का समाधान हो सकेगा। फिलहाल विभाग द्वारा साफ पानी के लिए फिल्टर की सफाई और नियमित आपूर्ति के प्रयास जारी है।+

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *