सिमली न्यू मार्केट में पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप

Spread the love

चमोली : नगर क्षेत्र के सिमली न्यू मार्केट में विगत पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से व्यापारी और अन्य लोग पीने के पानी के लिए पिंडर नदी पर आश्रित हैं। सिमली न्यू मार्केट में राड़खी गदेरे से पेयजल की आपूर्ति की जाती है लेकिन बीते पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। न्यू मार्केट के रोशन सिंह चौहान, मंजू देवी, बीना देवी, जगदीश लडोला आदि ने बताया कि जल संस्थान के कर्मियों की लापरवाही से पांच दिनों से लगभग 50 उपभोक्ता परेशान हैं। कहा कि कई बार विभाग के अवर अभियंता और फीटर से पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन उपभोक्ताओं को विभागीय कर्मियों की ओर से मात्र आश्वासन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा यदि जल्द सिमली न्यू-मार्केट में पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो व्यापारियों को दुकानें बंद कर जल संस्थान कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश चंद्र पुरोहित ने बताया कि विभागीय कर्मियों को निर्देशित कर जल्द सिमली न्यू मार्केट में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *