सीईओ की लापरवाही से शिक्षकों व कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन : बिष्ट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुख्य शिक्षाधिकारी पौड़ी की कार्यशैली में लापरवाही के चलते पौड़ी गढ़वाल के अशासकीय विद्यालयों के 66 इंटरमीडिएट कालेजों व माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 1000 शिक्षक व कर्मचारियों को सितम्बर माह का वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते इन विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हुआ तो उन्हें इस शिकायत को लेकर जिलाधिकारी व उच्चाधिकारियों को अवगत कराना होगा और मुख्य शिक्षाधिकारी का घेराव करने को मजबूर होना पड़ेगा।
माध्यमिक शिक्षक संघ पौड़ी के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि पौड़ी जिले में वेतन समय पर नहीं मिलने की समस्या को लेकर उन्होंने विगत माह मुख्य शिक्षाधिकारी से मुलाकात की थी। मुख्य शिक्षाधिकारी ने हर माह की 5 तारीख तक शिक्षक व कर्मचारियों को वेतन आहरण करने का आश्वासन दिया है, लेकिन मुख्य शिक्षाधिकारी पौड़ी की कार्यशैली में लापरवाही के कारण इस माह में अभी तक शिक्षक व कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जबकि जिले में वेतन हेतु पूरा बजट उपलब्ध है। कई विद्यालयों के कार्मिको को अभी अगस्त माह का वेतन भी नहीं मिला है। इसके साथ -साथ पदोन्नति व समय वेतनमान के भी कई मामले लंबित पड़े हुए है। प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष संजय रावत ने बताया कि अब त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है, शिक्षक व कर्मचारी वेतन विहीन है, ऐसे में उनका त्यौहार फीका ही मनेगा। जिला मंत्री भारत बिष्ट ने बताया कि समय पर वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों को अपने घर का खर्चा चलाने, गृह ऋण भरने, बच्चों के कोर्स की फीस भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *