बागेश्वर()। कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत पति-पत्नी के विवाद के दौरान पति ने जहरीला पदार्थ गटककर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला वन स्टॉप सेंटर में चल रहा था। पत्नी ममता ने रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर पति से अलग रहने की बात कही। इससे नाराज 34 वर्षीय युवक ने वन स्टॉप सेंटर परिसर में ही जहरीला पदार्थ गटक लिया। उसकी हालत बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उपचार कर रहीं डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है।