घनसाली (टिहरी)। बालगंगा तहसील में गत रात्रि हुई अतिवृष्टि से बूढ़ाकेदार क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोट और विशन के कई घरों में मलबा घुस गया, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई। मलबे के चलते एक परिवार के शौचालय की दीवार ढह गई।ग्रामीण राजेंद्र लेखवार ने बताया आपदा की दृष्टि से बूढ़ाकेदार क्षेत्र का कोट गांव और विशन गांव अति संवेदनशील है। वर्ष 2002 की आपदा में गांव के तीन लोगों की मौत हो गई थी। वर्ष 2018 में 32 और 2022 में 28 परिवारों का विस्थापन किया गया। लेकिन अन्य प्रभावित परिवारों का अभी तक विस्थापन नहीं किया जा सका है। अतिवृष्टि के कारण कोट गांव निवासी उम्मेद सिंह, संतोष और कुंदन सिंह के घरों के आंगन में भारी मलबा आ गया। साथ ही विशन गांव के गदेरे के उफान आने से बूढ़ाकेदार-घडियाल सौंड़ की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। गांवों की पेयजल लाइन, संपर्क मार्ग सहित कई अन्य परिसंपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।