बारिश से जनपद पौड़ी में दुश्वारियां बरकरार, कई मोटर मार्ग बंद

Spread the love

-मौसम विभाग के अनुसार कल जिले में हो सकती है भारी बारिश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मानसून के आते ही पौड़ी जनपद में मुसीबतों का पहाड़ टूटने लगा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों में कई मोटर मार्ग बंद हैं। जिससे यात्रियों समेत आसपास के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रशासन की टीम भी लगातार प्रयासों के बावजूद इन मार्गों को खोलने में नाकाम साबित हो रही है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार पिछले चौबीस घंटों में कोटद्वार में 105 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। वहीं मार्गों की बात करें तो जनपद में एक राज्यमार्ग घट्टूगाड-सिलोगी-चैलूसैंण-गुमखाल मोटर मार्ग व एक मुख्य जिला मार्ग समेत तीन जिला मार्ग और 14 ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। जिससे लोगों का मुख्य मार्गों समेत बाजारों से संपर्क कट गया है। लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों की चीजों के लिए तरसना पड़ रहा है। इसके अलावा यात्रियों को भी मार्ग बंद होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कल यानी 12 जुलाई को पौड़ी जिले में भारी बारिश का अलर्ट है। इसे लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। वहीं लोगों से भी सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की जा रही है।x

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *