कोटद्वार कोतवाली की दुगड्डा पुलिस ने जरूरतमंदों को दिया राशन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोरोना संक्रमण काल में पौड़ी जिले की पुलिस जरूरतमंदों की हर संभव मदद कर रही है। मिशन हौसला के तहत जिले भर में कम्युनिटी वास्केट के माध्यम से चलाये जा रहे अभियान की सभी सराहना कर रहे हैं। मंगलवार को कोटद्वार कोतवाली की दुगड्डा पुलिस ने कम्युनिटी वास्केट में एकत्रित हुए राशन को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया है। साथ ही लोगों को कोरोना गाइडलाइन के प्रति जागरूक भी किया है।
दुगड्डा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दुगड्डा पुलिस लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रही है। कम्युनिटी वास्केट में स्थानीय जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। कम्युनिटी वास्केट में एकत्रित हुए सामान को पुलिस कर्मियों की ओर से चिंहित किए गए जरूरतमंद परिवारों को पहुंचाया जा रहा है। साथ ही कुछ स्थानों पर भोजन के पैकेट भी वितरित किये जा रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान दुगड्डा क्षेत्र के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जो लोग कोरोना संक्रमित है, उनके घर जाकर होम क्वारंटाईन की शर्तों की जानकारी दी है। साथ ही घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी जा रही है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वह अनावश्यक घरों से बाहर न निकले। आवश्यक कार्य पड़ने पर घर से मास्क पहनकर बाहर निकले। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि पौड़ी पुलिस प्रमुख पी रेणुका देवी के दिशा-निर्देशन में मिशन हौसला के तहत कम्युनिटी वास्केट में स्थानीय जनता और समाज सेवियों का सहयोग मिल रहा है। जिससे जरूरतमंदों की मदद की जा रही है।

ट्रक चालकों को सतपुली पुलिस ने मेस में तैयार फूड पैकेट किए वितरित
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली।
कोरोना संक्रमण काल में पुलिस लोगों के लिए देवदूत बनकर कार्य कर रही है। पौड़ी गढ़वाल की सतपुली पुलिस ने मंगलवार को मिशन हौसला के तहत एक अनूठी पहल की शुरूआत की है। मंगलवार को पुलिस ने आवश्यक सामग्रियों को लेकर जा ट्रकों के चालकों को मेस में तैयार फूड पैकेट वितरित किए हैं। ट्रक चालकों ने पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा की है।

पौड़ी पुलिस आम जनता की हर संभव मदद करने के लिए प्रयास कर रही है। मंगलवार को कोटद्वार-पौड़ी मार्ग पर सतपुली में ट्रक चालकों को फूड पैकेट दिए है। सतपुली थानाध्यक्ष संतोष पैंथवाल ने बताया कि कोरोना कफ्र्यू में सड़क किनारे सभी ढाबे बंद है। ट्रक ड्राइवर आपदा की इस घड़ी में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जो आवश्यक जरूरत के समान को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसपोर्ट कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ही हम सभी को आवश्यक सामान समय पर प्राप्त हो पा रहा है। कोरोना कफ्र्यू के कारण से उनकी भोजन की व्यवस्था भी नही हो पा रही है। जिसके चलते सतपुली पुलिस ने मेस से ट्रक चालकों के लिये फ़ूड पैकेट तैयार कर वितरित किये गए है। बताया कि आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए उन्होंने आम जन से कोरोना कफ्र्यू और कोविड गाइडलाइन का पूर्ण पालन करने की अपील की है। बताया कि कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *