रुद्रपुर()। एनएच-74 पर मंगलवार को एक डंपर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। बाइक डंपर के टायर में फंस गई और दंपति काफी दूर तक घसीटते रहे। हादसे के बाद चालक रेंगता हुआ डंपर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दंपति को निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति का उपचार जारी है। दिनेश वैद्य पुत्र सदानंद वैद्य निवासी जोशी कॉलोनी न्यूरिया पीलीभीत नमकीन बनाकर बेचने का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी कविता के साथ वार्ड 3 चंदनगढ़ दिनेशपुर में अपने साढ़ू दुलाल पांडे के भाई मोरू पांडे की लड़की की शादी में आए हुए थे। वैवाहिक समारोह संपन्न होने के बाद मंगलवार को दिनेश और उनकी पत्नी कविता बाइक से वापस अपने घर न्यूरिया जा रहे थे। लगभग साढ़े 11 बजे रुद्रपुर रोड पर इंट्राक फैक्ट्री के सामने उनकी बाइक को डंपर ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी चालक सड़क पर रेंगता हुआ डंपर छोड़ कूदकर भाग गया। इस कारण दंपति की बाइक काफी दूर तक डंपर के टायर के साथ रगड़ती चली गई। डंपर सड़क बीच डिवाडर से टकराकर स्वयं रुक गया। इसके बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक और दंपति को डंपर के नीचे से निकाला। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 36 वर्षीय कविता को मृत घोषित कर दिया। जबकि दिनेश का उपचार चल रहा है। हादसे का समाचार मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंच गए। दिनेश के एक पुत्र और एक पुत्री है। वहीं घटना के बाद एनएच-74 पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा : डंपर से महिला की मौत के बाद कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आक्रोशित कांग्रेसियों ने विधायक प्रतिनिधि की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अवैध खनन और ओवरलोडिंग बंद करने की मांग की। गौरव बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में ओवरलोडिंग से लोगों की मौतें हो रही हैं। सरकार को लोगों की जान की कोई परवाह नहीं है। सरकार और प्रशासन की मिलीभगत से ओवरलोडिंग का खेल चल रहा है। पुलिस के सामने ओवरलोड डंपर गुजर रहे हैं, लेकिन उसके हाथ बंधे हैं। उन्होंने ओवरलोडिंग बंद करने के साथ ही स्पीड लिमिट और स्कूल समय में डंपरों की आवाजाही बंद करने की मांग की। कांग्रेसियों ने अवैध खनन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसडीएम गौरव पांडेय ने धरनास्थल पर पहुंच कर कांग्रेसियों को उनकी मांगों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद कांग्रेसियों ने अपना धरना समाप्त किया। धरना देने वालों में राम बाबू, दर्शन कोली, ओम प्रकाश दुआ, गुलशन सिंधी, दानिश मलिक सोनू, बंटी पपनेजा, एनयू खान, जीवन जोशी, दलीप बिष्ट, मंगली प्रसाद गंगवार, जगरूप सिंह गोल्डी, अशोक मित्रा, लियाकत अली, जाकिर अंसारी, डिंपल आदि रहे।