वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हुई दुर्गा देवी की देवरा यात्रा

Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के ग्राम पंचायत फेगू में स्थित मां दुर्गा देवी की देवरा यात्रा विशेष पूजा अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हो गई है। पहले दिन डोली मंदिर के भंडार कक्ष में विरामजान रही। सोमवार को फेगू गांव के भ्रमण के बाद रात्रि प्रवास के लिए डोली बरम्वाडी पहुंचेगी। करीब डेढ माह भ्रमण के दौरान मां दुर्गा क्षेत्र के मठ-मंदिरों एवं विभिन्न गांवों का भ्रमण कर भक्तों की कुशलक्षेम पूटेगी। रविवार को दुर्गा मंदिर फेगू में सबसे पहले मां दुर्गा की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा अर्चना की गई। इसके बाद मां को भोग लगाया गया। इस दौरान नवनिर्मित भंडार कक्ष का हवन के साथ शुद्घिकरण भी किया गया। करीब 12 बजे मां दुर्गा की भोग मूर्तियों को विधिविधान एवं मंत्रों के साथ गर्भगृह से बाहर लाया गया। जिसके बाद भोग मूर्तियों को डोली में सजाकर डोली का श्रृंगार किया गया। इस दौरान मां की डोली ने नृत्य कर भक्तों को आशीर्वाद भी दिया। पहले दिन डोली को मंदिर के भंडार कक्ष में विराजमान किया गया। सोमवार को फेगू गांव में दर्शन देने के बाद डोली रात्रि विश्राम के लिए बरम्वाडी पहुंचेगी। इसके बाद डोली विभिन्न मठ मंदिरों एवं गांवों का भ्रमणकर भक्तों को दर्शन देगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष पुरूषोत्तम दत्त तिवारी एवं मठाधीश दौलत सिंह दुमागा ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा देवी का देवरा भ्रमण कार्यक्रम निश्चित हो गया है। लगभग डेढ माह के देवरा भ्रमण के दौरान डोली विभिन्न मठ मंदिरों एवं गांवों का भ्रमण करेगी। इस दौरान भक्तों की कुशलक्षेम पूछने के साथ ही उन्हें अपना आशीष भी देगी। 25 अगस्त को मां दुर्गा की डोली अपने मूल स्थान फेगू वापस पहुंचेगी। उन्होंने यात्रा में अधिक से अधिक लोगों को प्रतिभाग करने की अपील की है। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, मठाधीश दौलत सिंह दुमागा, समिति के अध्यक्ष पुरूषोत्तम तिवारी, विशाल मणी सेमवाल, राजेन्द्र सिंह नेगी, भारतभूषण भंडारी, शिवानंद सेमवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *