नईदिल्ली, पाकिस्तान में इन दिनों पीएसएल का 11वां सीजन जारी है. इसी बीच नेशनल टीम के तीन बड़े खिलाड़ी (फखर जमान, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह) को तीन अलग अलग मामले में कड़ी सजा सुनाई गई है. इन तीनों में से एक खिलाड़ी को दो मैच के लिए सस्पेंड किया गया है जबकि बाकी दो खिलाड़ियों पर लाखों का जुर्माना लगाया गया है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लाहौर कलंदर्स के बल्लेबाज फखर जमान को 2 मैचों के लिए सस्पेंड करने का ऐलान किया है. उनको ये सजा बॉल टैम्परिंग का दोषी पाए जाने के बाद सुनाई गई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि फखर जमान को बॉल टैम्परिंग से जुड़े नियम का उल्लंघन करने के लिए सजा दी गई है. हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ये भी कहा कि फखर जमान के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार है. वह 48 घंटों के अंदर टेक्निकल कमेटी से अपील कर सकते हैं. बता दें कि फखर जमान पर पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के छठे मैच में कराची किंग्स के खिलाफ बॉल टैम्परिंग का आरोप लगा था. जिसको उन्होंने मानने से इनकार कर दिया था.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज नसीम शाह पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया. बोर्ड के अनुसार, तेज गेंदबाज के खिलाफ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और सोशल मीडिया दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए कार्रवाई की गई है. बता दें कि नसीम शाह के ट्विटर अकाउंट पर पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के बारे में एक अपमानजनक ट्वीट किया गया था. जिसमें लिखा था कि पाकिस्तान सुपर लीग के उद्घाटन समारोह में मरियम नवाज के साथ ‘लॉर्ड्स की रानी’ जैसा बर्ताव क्यों किया गया.
इसके बाद कहा गया की नसीम शाह का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया था. इसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया सलाहकार को हटा दिया. लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नसीम शाह को एक कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा. जिसमें नसीम शाह ने बिना शर्त माफी मांग ली. इसके बावजूद पीसीबी ने नसीम शाह पर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा दिया. साथ में उनके सोशल मीडिया मैनेजर को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया है ताकि वह भविष्य में किसी भी खिलाड़ी के साथ काम न कर सके.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के वनडे कप्तान और पीएसएल में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. उनको ये सजा उन्हीं की पीएसएल फ्रेंचाइजी लाहौर कलंदर्स ने लगाया है. लाहौर कलंदर्स के एक बयान के अनुसार, शाहीन पर ये जुर्माना सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर ली गई है. दरअसल शाहीन अपने साथ होटल में अपने दोस्त को सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. लाहौर कलंदर्स ने सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर अपने इस फैसले की जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दे दी है.