कोरापुट/मलकानगिरी (ओडिशा), दक्षिणी ओडिशा के कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में शनिवार देर रात भूंकप के झटके महसूस किए गए. इससे लोगों में दहशत फैल गई.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई. हालांकि भूकंप के झटके 4 अप्रैल को रात करीब 11:31 बजे आए. इसका केंद्र कोरापुट जिले के पास गहराई में पांच किलोमीटर पर था.
रात करीब 11:31 बजे कोरापुट और सुनाबेड़ा इलाकों में भूकंप महसूस किया गया. करीब 15 सेकंड तक जमीन हिलने से लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए.
जानकारी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई और इसका केंद्र कोरापुट के पास बताया जा रहा है. भूकंप की गहराई करीब पांच किलोमीटर थी.
भूकंप से अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है. बताया जाता है कि कोरापुट के बैपारीगुडा, लामटापुट, पट्टांगी, दमनजोड़ी और जयपुर इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए.
इस बीच, मलकानगिरी जिले के अलग-अलग हिस्सों में भी हल्के भूकंप महसूस किए गए. भूकंप मलकानगिरी जिले में, खैरपुट ब्लॉक के कुडुमुलुगुम्मा, मथिली ब्लॉक के पात्रपुट, कोरुकोंडा ब्लॉक की चितापारी पंचायत के सदाशिवपुर गांव और चित्रकोंडा ब्लॉक के कुछ इलाकों में महसूस किया गया.
यहां पर भूकंप के झटके करीब 6 से 8 सेकंड तक रहे. हालांकि इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर का फर्नीचर, बेड, कुर्सियां और बेंच हिलने लगे, वहीं बर्तन और कुशन नीचे गिर गए. घर के अचानक हिलने से लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर की ओर भागे.