देहरादून। गढ़वाल स्काउट्स बटालियन के 63वें स्थापना दिवस समारोह जय बद्री विशाल और य स्काउट्स के जयकारों से गूंज उठा। रविवार को बड़ोवाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में चौकस हिम व्याघ्र की गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए देश पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गढ़वाल स्काउट्स के वीर सैनिकों का बलिदान और उनकी शौर्य गाथाएं आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले इन रणबांकुरों की वीरता आज भी हर सैनिक और उत्तराखंड वासियों की रगों में दौड़ रही है।
देश की रक्षा में बटालियन के योगदान को अतुलनीय बताया गया। स्थापना दिवस पर बटालियन के गौरव सेनानियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर कैप्टन हंसा दत्त सती, सूबेदार भगवान सिंह रमोला, कैप्टन महिपाल, सूबेदार रोशन लाल, सूबेदार मेजर हरीश सिंह, कैप्टन प्रताप सिंह, भगवती प्रसाद, उदय सिंह, सूबेदार गंगा सिंह, गिरीश चंद्र, जयवीर सिंह और हवलदार मनोज जुयाल शामिल रहे।