नगर निगम मालवीय उद्यान पार्क की बिगड़ी स्थिति
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम ने लाखों की लागत से मालवीय उद्यान पार्क को इको पार्क के रूप में विकसित किया था। लेकिन, आज यह पार्क देखरेख के अभाव में कबाड़ खाना बनता जा रहा है। हालत यह है कि बाजार से जब्त सामान को पार्क में बेतरतीब तरीके से फेंका गया है। यहीं नहीं, पार्क में जगह-जगह झाड़ियां उग चुकी हैं। दो पल बैठना तो दूर आमजन पार्क में प्रवेश करने से भी डर रहे हैं।
नगर निगम परिसर के समीप स्थित मालवीय उद्यान पार्क को करीब दो लाख रुपये की लागत से इको पार्क के रूप में विकसित किया गया था। पार्क में जगह-जगह निरूपयोगी वस्तुओं से विभिन्न आकृति भी बनाई गई। शुरुआत में बकायदा इसके लिए बच्चों और अन्य लोगों को भी जागरूक किया गया था। निगम ने बच्चों को बताया था कि किस तरह वह अपने घर से निकलने वाले निष्प्रयोज्य सामान का उपयोग बेहतर तरीके से कर सकते हैं। लेकिन, कुछ सप्ताह पार्क की देखरेख करने के बाद निगम ने इसकी सुध लेना ही बंद कर दिया। नतीजा, आज यह पार्क बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। पार्क में एकत्रित कबाड़ से बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी पार्क कबाड़ खाने के रूप में तब्दील होता जा रहा है। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।