उत्तराखण्ड में ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं

Spread the love

पारिस्थितिकी और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हुई बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : उत्तराखंड के पारिस्थिकीय पर्यटन सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि के रुद्रप्रयाग दौरे के दौरान जनपद में पारिस्थितिकी और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को देखते हुए राज्य में ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें उचित नीति और योजनाओं के माध्यम से स्थानीय समुदायों के हित में बदला जा सकता है।
बैठक की शुरुआत में उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएस पुंडीर द्वारा प्रभाग स्तर पर संचालित ईको-टूरिज्म गतिविधियों का एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। इस प्रस्तुतीकरण में जनपद में ईको-टूरिज्म की संभावनाओं, अब तक की उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्य योजनाओं की जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ईको-टूरिज्म स्थानीय रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के बीच संतुलन स्थापित करता है। इस दौरान पारिस्थिकीय पर्यटन सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि ने ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा कि ईको-टूरिज्म केवल पर्यटन तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन का भी एक प्रभावी माध्यम बन सकता है। श्री जमदग्नि ने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय लोगों को इस प्रक्रिया में भागीदार बनाकर ही स्थायी विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, उप प्रभागीय वनाधिकारी जखोली डॉ. दिवाकर पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग उप वन प्रभाग देवेंद्र पुंडीर सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड स्तर के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *