श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग, बिड़ला परिसर में प्रेम रावत फाउंडेशन के सहयोग से विश्व शांति की स्थापना में शिक्षा और युवाओं की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शांति संदेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 छात्रों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान बीएड, एमएड एवं शोधार्थियों के लिए शांति से संबंधित वीडियो और फिल्मों का प्रसारण हुआ। गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रमा मैखुरी ने कहा कि शिक्षा ही विश्व शांति की नींव है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस लक्ष्य को हासिल करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने शांति शिक्षा कार्यक्रम को भारत में लागू करने की आवश्यकता बताई। प्रेम रावत संस्थान के प्रतिनिधि गोविंद रमोला ने कहा कि शांति संदेश कार्यक्रम दुनिया भर में आयोजित किए जा रहे हैं ताकि युवा पीढ़ी शांति के महत्व को समझे। इस दिशा में सभी स्तरों पर कार्य किए जाने चाहिए। इस मौके प्रो अनिल नौटियाल, डा. रमेश राणा, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. शंकर सिंह, नेत्र सिंह रावत, विक्रम सिंह नेगी, डॉ. अमरजीत, डॉ. नागेंद्र यादव, डॉ. सपना सेन, डॉ. पुनीत वालिया आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)