पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलवाने के लिए होंगे प्रयास : ऋतु

Spread the love

राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावितों ने विस अध्यक्ष को बताई समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने मालगोदाम रोड स्थित कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग-119 के प्रभावितों की समस्याओं को सुना। इस दौरान विस अध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलवाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलवाने के लिए अधिकारियों व केंद्र सरकार से बात की जाएगी।
मंगलवार को लोगों ने विस अध्यक्ष को समस्याओं से अवगत करवाया। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग वर्ष 2022 में प्रस्तावित है। लेकिन, आज तक प्रभावितों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। जबकि, पीड़ित परिवार इस संबंध में कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को अवगत करवा चुके हैं। कई परिवारों के भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। लेकिन, मुआवजे के अभाव में परिवार किराए के भवनों में रहने को मजबूर हो रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलवाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से कोटद्वार के विकास को नई गति मिलेगी। विकास कार्य होना आवश्यक है। लेकिन, इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की पीड़ा और अधिकारों की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी पौड़ी अनिल सिंह गब्र्याल, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, विकासदीप मित्तल, अरविंद बनियाल, अनिल रावत, संजय भंडारी, आशीष रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *