ईई व समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के आदेश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने सोमवार को जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बीस सूत्री कार्यक्रमों के कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिला योजना में कम प्रगति पर सिचाई खंड दुगड्डा के ईई व समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के आदेश दिए। इतना ही नहीं, बीस सूत्रीय कार्यक्रम में नगर पालिका पौड़ी को छोड़कर जनपद के अन्य नगर पंचायत, पालिका के ईओ के अलावा पीएमजीएसवाई, राजकीय सिचाई, समाज कल्याण विभाग के डी श्रेणी में आने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रमोंं के अंतर्गत कम प्रगति करने वाले विभागों को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यों में प्रगति लाते हुए शीघ्र धनराशि व्यय करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिला योजना के कार्यों को आगामी 30 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, कम प्रगति वाले विभागों को मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक करने और अगले सप्ताह इनकी समीक्षा की बात भी कही। बैठक में डीएम ने होम्योपैथिक, माध्यमिक शिक्षा, कृषि एवं सहकारिता विभाग के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने उद्यान अधिकारी को खिर्सू एवं पौड़ी में एक सप्ताह के भीतर कीवी पौधारोपण कराने, खेल अधिकारी को हास्टल की खराब स्थिति पर मरम्मत के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग को टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यों को जल्द शुरू करने को कहा गया। डीएम ने सहायक निदेशक सूचना को जिला योजना के अंतर्गत जनपद में पूर्ण हुए विकास कार्यों की सूचना संकलित कर जनपद की एक विकास पुस्तिका प्रकाशित कराने के निर्देश दिए। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता को पूल्ड हाउस में अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण करने, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, कृषि, रेशम, पर्यटन, अर्थ एवं संख्या, युवा कल्याण, सहकारिता, खादी ग्रामोद्योग, रेशम, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों की समीक्षा कर अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण करने को कहा। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य, डीएफओ गढ़वाल वन प्रभाग मुकेश कुमार, मुख्य कोषाधिकारी लखेंद्र गौंथियाल, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड अरुण कुमार पांडे, रेशम अधिकारी राजबीर सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी केएस रावत आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *