दुआ में उठे हाथ, गले मिल बोले-ईद मुबाकर

Spread the love

कोटद्वार क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाई गई ईद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सोमवार को कोटद्वार में ईद-उल-फितर धूमधाम के साथ मनाई गई। ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में उत्साह बना हुआ था। लोगों ने मुल्क व कौम की तरक्की के लिए दुआएं मांगी।
सोमवार को ग्रास्टनगंज स्थित ईदगाह में नमाज अता करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मौलाना बदरूल हसन ने नमाजियों को ईद की नमाज अदा करवाई। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि इस्लाम प्रेम व सौहार्द की सीख देता है। हमें समाज में रहने वाले हर व्यक्ति की मदद के लिए आगे आना चाहिए। समाज में किसी भी तरह का सौहार्द न बिगड़े इसका भी हमें ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने समुदाय के लोगों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की भी अपील की। कहा कि बच्चों को मिली बेहतर शिक्षा ही बेहतर समाज का निर्माण करती है। इसके उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाते हुए ईद की बधाईयां दी। वहीं, शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित ईदगाह में नमाज के चलते सुबह के समय बाजार में वीरानी छाई रही। ईद के चलते गोखले मार्ग व नजीबाबाद रोड स्थित सब्जी की दुकानें पूरी तरह बंद पड़ी हुई थी। जामा मस्जिद के आसपास की दुकानें भी बंद पड़ी हुई थी। ईद के कारण शहर की अधिकांश दुकानें बंद ही नजर आ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *