मुराड़ी पुल के पिलर निर्माण के लिए आठ लाख मंजूर

Spread the love

उत्तरकाशी()। सर-बडियार क्षेत्र के दूरस्थ गांव डिंगाड़ी में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने आठ गांव को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर क्षतिग्रस्त मुराड़ी पुल के निर्माण की मांग की। डीएम प्रशांत आर्य ने पुल के पिलर निर्माण के लिए आठ लाख की धनराशि की स्वीकृति देकर लोनिवि को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। डिंगाड़ी गांव में विधायक दुर्गेश्वर लाल और डीएम प्रशांत आर्य की मौजदूगी में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया। इस मौके पर शिविर में कुल 16 समस्याएं और शिकायतें दर्ज की गई। इनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल स्थापित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर भूपेंद्र निवासी डिंगाडी ने एपीएल से बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने गंगराली–डिंगाडी- किमडार–सरगांव तथा किमडार–पौंटी–गौल–छानिका सड़क मार्गों की स्थिति की जानकारी पीएमजीएसवाई से ली। साथ ही किमडार-कंसलों मार्ग एवं गांव के नीचे हुए भूस्खलन को लेकर विस्थापन और सुरक्षात्मक कार्य की मांग की गई।इस पर डीएम ने भू-वैज्ञानिक एवं सिंचाई विभाग को 26 एवं 27 फरवरी को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। शिविर में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के लिए 28 लाख की घोषणा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *