देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आई बुजुर्ग महिला और युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि पायला देवी (उम्र 64 वर्ष) निवासी खदरी मोहल्ला, सहारनपुर रोड रविवार को डिफेंस कॉलोनी फाटक के पास रेलवे ट्रैक क्रास करते वक्त ट्रेन की चपेट में आई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। दूसरी घटना सोमवार सुबह अजबपुर रेलवे फटक के पास हुई। यहां अजबपुर निवासी शौकीन (उम्र 22 वर्ष) घर से कुछ दूरी पर ट्रेन की चपेट में आया। शौकीन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शौकीन अविवाहित था।