बुजुर्ग महिलाओं ने किया पर्यावरण में आए बदलावों को साझा

Spread the love

नई टिहरी : बुधवार को गंगा तीर्थ देवप्रयाग से भारतीय वन्य जीव संस्थान, देहरादून भ्रमण में पहुंचीं बुजुर्ग महिलायें उत्तराखण्ड की प्रकृति में हुए बदलावों से रूबरू हुईं। यहां गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी से पहली बार मुलाकात कर वह काफी प्रसन्न नजर आईं। देवप्रयाग के निकटवर्ती ग्राम पंचायतों की बुजुर्ग महिलाएं क्षेत्र के प्रथम गंगा प्रहरी व ग्राम प्रधान तुंणगी अरविंद जियाल की अगुवाई में भारतीय वन्य जीव संस्थान देहरादून पहुंची। जहां उन्होंने अपनी युवावस्था से वृद्ध होने तक पहाड़ों के पर्यावरण में हुए बदलाव को भी अन्य लोगों से साझा किया। प्रकृति में आये बदलाब से गंगा किनारे बसने वाले लोगों का जीवन किस तरह प्रभावित हुआ है, यह भी बुजुर्ग महिलाओं ने बताया। यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी से पहली बार भेंट करते वह बहुत प्रसन्न हुई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी के गीत वह लम्बे समय से सुनती आ रही हैं। बुजुर्ग महिलाओं ने उनसे मिलना जीवन की उपलब्धि बताया। लोक गायक नेगी ने जीवनदायिनी गंगा व प्रकृति को बचाने का संदेश देते हुए गढ़वाली गीत भी बुजुर्ग महिलाओं को सुनाकर उनसे पहाड़ की प्रकृति को बचाने मे सक्रिय भूमिका निभाने का अनुरोध भी किया। बुजुर्ग महिलाओ में सुरेशी देवी, भुन्दरी देवी, डिबली देवी, संपति देवी, दिवली देवी आदि शामिल रही। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *