रुद्रप्रयाग नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष के लिए आज चुनाव

Spread the love

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष के लिए रविवार को मतदान होगा। व्यापार मंडल चुनाव के लिए चुनाव संचालन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ व्यापारी राय सिंह बिष्ट और लक्ष्मण सिंह बिष्ट के बीच मुकाबला होगा। नगर में 899 व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर मंडल अध्यक्ष के लिए मुख्यालय में सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जबकि 2 बजे तक मतदान जारी रहेंगे। इसके बाद एक घंटे का विश्राम होगा जबकि 3 बजे से 5 बजे तक मतगणना की जाएगी। नगर व्यापार मंडल में मुख्य बाजार के साथ ही नए बस अड्डे से लेकर डांगसेरा डाट पुलिया, रैतोली, सुमेरपुर तक के व्यापारी शामिल हैं। इनकी संख्या करीब 899 है। रुद्रप्रयाग नगर में व्यापार मंडल अध्यक्ष के लिए राय सिंह बिष्ट और लक्ष्मण सिंह बिष्ट के बीच मुकाबला है। दोनों प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के बाद से ही जमकर चुनाव प्रचार किया गया। सभी व्यापारियों से सम्पर्क साधते हुए अपने पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया गया। दोनों प्रत्याशियों द्वारा व्यापार हित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर अपनी योजनाएं भी व्यापारियों के सम्मुख रखी गई। हालांकि आज दोनों प्रत्याशियों को लेकर व्यापारियों द्वारा मतदान के माध्यम से फैसला दिया जाएगा। व्यापार मंडल में महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चयन किया गया जिसकी विधिवत घोषणा भी चुनाव संचालन समिति द्वारा मतगणना के दौरान की जाएगी। इधर, चुनाव संचालन समिति के सदस्य घनश्याम कंडारी ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नए बस अड्डे स्थित मधुर मिलन वेडिंग प्वाइंट में सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *