रुद्रपुरर। जिले की बहुउद्देश्यीय प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समितियों के उप चुनाव की प्रक्रिया जारी है। जिले की 18 सहकारी समितियों के 46 वार्डों में अब चुनाव कराया जाएगा। कुल 124 रिक्त वार्डों में से 61 में निर्विरोध निर्वाचन पूरा हो चुका है, जबकि शेष 46 वार्डों में मतदान होना है। एआर सहकारी समितियां हरीश चंद्र खंडूड़ी ने बताया कि इन 46 वार्डों के लिए 170 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले की कुल 35 समितियों में से 17 में कोई नामांकन नहीं हुआ, जबकि 18 समितियों के 46 वार्डों में मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि फरवरी में हुई प्रबंध समिति के चुनावों में 385 में से 261 पद निर्विरोध भर गए थे, लेकिन चुनाव प्रक्रिया स्थगित होने से 124 पद रिक्त रह गए थे। इन्हीं पदों के लिए अब उप चुनाव कराया जा रहा है। मतदान 19 नवंबर को होगा, जबकि 20 नवंबर को सभापति, उपसभापति और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इन समितियों में निर्विरोध चुने गए संचालक एआर हरीश चंद्र खंडूड़ी के अनुसार गढ़ीनेगी, कुंडेश्वरी, केलाखेड़ा, बन्नाखेड़ा, जाफरपुर, पूर्वी रुद्रपुर (बगवाड़ा), पश्चिमी रुद्रपुर (दानपुर), गंगापुर, नारायणपुर, शांतिपुरी, छतरपुर, फौजी मटकोटा, दक्षिणी सितारगंज, शक्तिफार्म, नानकमत्ता, उत्तरी सितारगंज, बिरिया और झनकट समितियों के सभी संचालक निर्विरोध चुने जा चुके हैं।