गंगोत्री हाईवे यातायात के लिए सुचारू, धाम में बिजली आपूर्ति ठप

Spread the love

उत्तरकाशी()। गंगोत्री घाटी में बर्फबारी के कारण बाधित गंगोत्री हाईवे धाम तक आवाजाही के लिए सुचारु हो गया है। राजमार्ग पर बर्फबारी के चलते फिसलन बरकरार रहने से आवागमन जोखिम भरा बना है। वहीं धराली से गंगोत्री तक विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति बाधित पड़ी है। गंगोत्री घाटी में जमकर बर्फबारी हुई जिससे हाईवे सुक्की टॉप से आगे वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित हो गया था। दो दिन पहले बीआरओ ने गंगोत्री हाईवे पर बर्फ हटाकर धराली तक मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया था जबकि इससे आगे वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही थी। सोमवार को बीआरओ की मशीनरी ने हाईवे को गंगोत्री तक पूरी तरह आवाजाही के लिए खोल दिया। वहीं धराली से गंगोत्री के बीच जगह-जगह 11 केवी की विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी है जिससे गंगोत्री धाम में भी बिजली सप्लाई बाधित है। ऊर्जा निगम उत्तरकाशी के अधिशासी अभियंता मनोज गुसाईं ने बताया कि बीते दिनों की बर्फबारी के कारण लाइनें क्षतिग्रस्त होने से बिजली ठप है। लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। मौसम ने साथ दिया तो दो से तीन दिन के भीतर गंगोत्री तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। अभी बर्फबारी के कारण लाइनों की मरम्मत में विभागीय कर्मियों को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *