उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे के बंद होने से राना चट्टी से ऊपर यमुनोत्री धाम सहित गीठ पट्टी के आधा दर्जन गांवों में एक सप्ताह से बिजली बहाल नहीं हो पाई है। जिससे यमुनोत्री धाम सहित उक्त क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली नहीं होने से लोगों के मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। सड़क मार्ग बंद होने और विद्युत आपूर्ति ठप होने से इस क्षेत्र के लोगों का संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया है। यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल आदि ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर हनुमान चट्टी के पास बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते यमुनोत्री धाम, नारायण पुरी, जानकीचट्टी, खरसाली, बनास, फूलचट्टी और दुर्बिल आदि गांव में एक सप्ताह से बिजली की सप्लाई ठप है। कहा कि बिजली नहीं होने के चलते वे रात में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बारिश होने के कारण लोगों में रात को दहशत का महौल बना रहता है। वहीं बिजली सप्लाई बंद होने से लोगों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। जिससे वह कहीं संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है।