जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में बीते रविवार की शाम से शुरू हुई भारी बारिश व तेज हवाएं आफत बनकर आई। मुख्यालय पौड़ी समेत 150 गांवों में करीब 13 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली प्रभावित होने से सोमवार को मुख्यालय में पेयजल आपूर्ति ठप रही। पौड़ी में सोमवार को दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई।
बीते रविवार को मुुख्यालय पौड़ी समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश व तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के चलते 33 केवी श्रीनगर में ब्रेकडाउन हो गया। एसडीओ पौड़ी गोविंद सिंह रावत ने बताया कि बारिश व तेज हवाओं के चलते 33 केवी लाइन का श्रीनगर में ब्रेकडाउन हुआ। इससे पौड़ी, चिपलघाट, घुड़दौड़ी, रांसी सहित आसपास के करीब 150 गांवों में बिजली गुल हो गई, जबकि खांड्यूसैंण, बुखाखाल, घुड़दौड़ी व रांसी में पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई लाइनों को दुरुस्त करने के लिए सोमवार सुबह से ही तकनीशियनों को तैनात किया गया। पौड़ी में दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई। वहीं बिजली ठप होने से सोमवार को पौड़ी नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी ने बताया कि विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से श्रीनगर व नानघाट पंपिंग पेयजल योजनाओं से पानी पंप नहीं हो पाया। बिजली सुचारू होते ही दोनों योजनाओं का पानी फिर से पंप किया जाएगा। मंगलवार से नगर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बहाल होगी।