मौसम की मार, 24 घंटे बाद चकराता-त्यूणी में बिजली-पानी आपूर्ति बहाल

Spread the love

विकासनगर। उत्तराखंड में बरसात से बिजली-पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। जौनसार बावर को बिजली आपूर्ति करने वाली 33 केवी लाइन में शनिवार शाम को खराबी आने से कालसी तहसील के सभी गांवों में 18 घंटे और त्यूणी, चकराता तहसील के गांवों में पूरे 24 घंटे बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप रहने से कई गांवों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। खराबी ढूंढ़ने में ऊर्जा निगम कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कालसी क्षेत्र के गांवों में रविवार दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत मिली। शनिवार शाम को सात बजे लाइन में फल्ट आ गया था। जिससे करीब दो लाख की आबादी को रात अंधेरे में ही काटनी पड़ी। रविवार सुबह तक भी आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। शनिवार शाम को तेज आंधी और बारिश आने से बिजली कर्मी फल्ट ढूंढ़ने में नाकाम रहे। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते कालसी और धोइरालानी के बीच कई जगहों पर बिजली की तारें भी टूट गई थी, जिससे सभी गांवों की आपूर्ति एक साथ ठप हो गई। तेज बारिश में बिजली नहीं होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंधेरे में लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। रविवार सुबह मौसम साफ होने के बाद बिजली कर्मी लाइन में आई खराबी के साथ ही टूटी हुई तारों को जोड़ने पहुंचे। फल्ट ढूंढने और तारों को जोड़ने में कर्मियों को पसीना बहाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे तक कालसी तहसील के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई थी। हालांकि चकराता सब स्टेशन में नई ब्रेकर मशीन लगाने का काम चालू होने के कारण त्यूणी और चकराता के सभी गांवों में रविवार शाम सात बजे आपूर्ति बहाल की गई।
पेयजल आपूर्ति रही ठपरू बिजली गुल होने से कालसी, साहिया, चकराता और त्यूणी के कई गांवों में पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। जिन गांवों में ओवर हेड टैंक और पंपिंग योजना से पेयजल की आपूर्ति की जाती है, वहां रविवार को दिन भर लोग पीने के पानी के लिए भटकते रहे। साहिया क्षेत्र तक दोपहर एक बजे बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु हो गई, लेकिन चकराता और त्यूणी तहसील के अधिकांश गांवों में शाम सात बजे बाद लोगों के घरों में पीने का पानी आया।
33 केवी लाइन में खराबी आने और पेड़ गिरने से जगह-जगह तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसे रविवार दोपहर एक बजे सुचारु कर दिया गया। चकराता सब स्टेशन में कार्य चलने के कारण इस स्टेशन से जुड़े सभी गांवों में शाम को सात बजे आपूर्ति बहाल की गई। -अशोक कुमार, एसडीओ ऊर्जा निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *