धरासू में बिजली कर्मियों ने गेट मीटिंग कर किया प्रदर्शन

Spread the love

उत्तरकाशी()। उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को धरासू विद्युत गृह में अधिकारियों, कर्मचारियों और उपनल कर्मियों ने गेट मीटिंग कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ऊर्जा निगम प्रबंधन को दिए गए 19 सूत्री मांगपत्र पर कार्रवाई न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। संघर्ष मोर्चा ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी न हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा भागीरथी घाटी के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने जल विद्युत परियोजनाओं की भूमि को अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए दिए जाने और विद्युत वितरण कंपनियों के निजीकरण संबंधी शासनादेश का कड़ा विरोध किया। उन्होंने निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। गेट मीटिंग में वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही मांगों का समाधान नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। सभा का संचालन जगदीश नौटियाल और अध्यक्षता संदीप नेगी ने की। इस दौरान अमित चौधरी, प्रदीप बागड़ी, इकमल सिंह, कामेश, सावन सिंह, अरशद अली खान, हेमंत, भुवन चंद्र, अनुज तिवारी, जसवीर सिंह, ज्योति, कमला राणा, दीक्षा चौहान, किशोर, नितिन कुमार, विनोद चौहान और कुलवीर राणा ने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *