हरिद्वार। क्षेत्र के ग्राम पंचायत खाला टीरा में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक सप्ताह से हाथियों का झुंड दिन-रात गांव में उत्पात मचा रहा है। ताजा घटनाक्रम में हाथियों ने ग्राम टांडा टीरा स्थित जूनियर हाई स्कूल की चहारदीवारी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। हाथियों के इस निरंतर मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है बल्कि खेतों में खड़ी फसलों को भी तहस-नहस कर रहा है। किसानों की मेहनत पर हाथी लगातार पानी फेर रहे हैं। आलम यह है कि ग्रामीण अब शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं और दिन के समय भी अकेले बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल प्रभावी गश्त बढ़ाई जाए और हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। क्षेत्रीय रेंजर जितेंद्र कुकरेती ने बताया कि टीम लगातार गश्त कर रही है, सूचना मिलने पर मौके पर टिम पहुंच रही है।