ऐता मे हाथी का आतंक, बर्बाद की फसल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम ऐता में हाथी का आतंक बना हुआ है। शुक्रवार रात गांव में पहुंचे हाथी ने ग्रामीणों की फसल बर्बाद कर दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है। कहा कि फसल बर्बाद होने से ग्रामीणों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वन विभाग के लाख दावों के बाद भी आबादी में हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन हाथी आबादी में पहुंचकर काश्तकारों की फसल बर्बाद कर रहा है। शुक्रवार रात ऐता गांव में पहुंचे हाथी ने खूब उत्पात मचाया। ग्रामीण बलवंत नेगी, सतीश नेगी, विवेक, मितेश नेगी, चंद्रगुप्त बौंठियाल ने बताया कि हाथी ने उनकी गेहूं की फसल तबाह कर दी। गांव में केले के पेड़ भी हाथी ने पूरी तरह तबाह कर दिए। आए दिन गांव में हाथी की धमक बढ़ती जा रही है। हाथी के डर से ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लाख शिकायत के बाद भी वन विभाग हाथी को आबादी में आने से रोकने के लिए पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। गांव के आधिकांश ग्रामीण खेती पर ही निर्भर हैं। ऐसे में फसल बर्बाद होने से उन्हें आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *