कोटद्वार की खोह नदी में फंसा हाथी टस्कर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज के अंतर्गत बहने वाली खोह नदी में शनिवार सुबह अचानक पानी बढ़ गया। इस दौरान नदी क्षेत्र में विचरण कर रहा एक हाथी टस्कर नदी किनारे फंस गया। हालांकि वन विभाग की टीम हाथी की निगरानी कर रही है। विभाग का कहना है कि हाथी सुरक्षित जंगल की ओर चला जाएगा। वन विभाग ने हाथी-मानव संघर्ष को देखते हुए लोगों को हाथी बाहुल्य क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

लैंसडौन वन प्रभाग के हाथी इन दिनों कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग के करीब के जंगल में सक्रिय हैं। वे पानी के लिए नजदीक खोह नदी में पहुंच रहे हैं। इसके अलावा इन दिनों नदी के नजदीक जंगल में 7-8 हाथियों का झुंड सक्रिय रहता है। झुंड में हाथी के बच्चे भी होते हैं। इसके अलावा कोटद्वार रेंज के अंतर्गत लालपुल से लेकर सिद्धबली मंदिर के आसपास तक एक हाथी टस्कर घूमता रहता है। शनिवार को सुबह खोह नदी में अचानक पानी बढ़ने से हाथी नदी किनारे फंस गया। हाथी नदी पार करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जल स्तर बढ़ने से हाथी नदी पार नहीं कर पा रहा है।
लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि हाथी की निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी गई है। नदी का बहाव कम होते ही हाथी जंगल की ओर चला गया है। उन्होंने लोगों से आरक्षित जंगल में न जाने की अपील करते हुए कहा कि लोगों को चेताने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतरे के सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। हाथी के खतरे को देखते हुए वन कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *