ऋषिकेश। जौलीग्रांट में बीते बुधवार की देर रात हाथियों ने पांच बीघे गेहूं की फसल रौंद दी। पीड़ित किसानों ने वन विभाग और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। बुधवार की देर रात हाथियों का एक झुंड जौलीग्रांट पहुंचा। यहां किसानों की पांच बीघा गेंहू की फसल को हाथियों ने पैरों तले रौंद दिया। प्रभावित किसान संजय सोलंकी, सुमन सिंह कृषाली, राजेश सोलंकी और दौलत राणा ने बताया कि हाथियों की धमक लगातार आबादी क्षेत्र में बढ़ रही है, जिससे दिन ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। हाथी खेतों में फसलों को पैरों तले रौंद रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। वन विभाग के अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत की गई है, लेकिन वह हाथियों की आमद को रोकने के लिए तैयार ही नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर हाथियों से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जौलीग्रांट क्षेत्र में वन्यजीवों की समस्या को लेकर वन विभाग के अधिकारियों से शीघ्र वार्ता की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता कदम उठाने के लिए भी कहा जाएगा। प्रभावित किसानों को नुकसान का मुआवजा दिलाने का भी प्रयास किया जा रहा है।