सहकारिता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

Spread the love

डीएम ने ली जिला सहकारी विकास समिति की बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सहकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी एजेंडा विषयों पर स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर निर्धारित दिशा में कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनाज भंडारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए अन्न भंडारण गोदामों की मरम्मत तथा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त गोदामों के पुनर्निर्माण हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि मजबूत भंडारण व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा फसल सुरक्षा सुनिश्चित होगी। बैठक में एमपैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों) की भूमिका पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गठित एमपैक्स के माध्यम से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल करें। उन्होंने कहा कि सहकारिता समितियों के माध्यम से ऋण, बीज, उर्वरक एवं अन्य सुविधाओं की उपलब्धता को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। बैठक में अपर जिला सहकारी अधिकारी सतबीर सिंह पंवार ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 48 एमपैक्स कार्यरत हैं। सभी समितियों का ई-ऑडिट कार्य पूर्ण कर ई-सर्टिफिकेट जारी किए जा चुके हैं। साथ ही सभी 48 एमपैक्स का पंजीकरण जन सुविधा केंद्रों में किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 28 नए एमपैक्स गठन का लक्ष्य निर्धारित था, जिसे शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *