लोकतंत्र की रक्षा के लिए संविधान को मजबूत बनाने पर जोर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बुधवार को संविधान दिवस के मौके पर विभिन्न स्कूलों व संगठनों की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कहा कि संविधान लोकतंत्र की नींव है। इसकी रक्षा के लिए हम सभी को आगे आना होगा।
कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने देश को संविधान दिया। कहा कि 26 नवंबर 1949 को हमारी संविधान सभा ने संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकार किया था। संविधान हमें न केवल हमारे मौलिक अधिकार देता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों को भी याद दिलाता है। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की अध्यक्ष मीना बछुवाण, संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, सेवादल अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, सुधा असवाल आदि मौजूद रहे। वहीं, शैलशिल्पी विकास संगठन की ओर से भी संविधान दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार आर्य ने कहा कि बाबा साहब ने भारत के महान संविधान का निर्माण कर आजाद भारत को लोकतांत्रिक स्वरूप प्रदान किया। कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता देश के संविधान को सुरक्षित रखने की है, अगर देश का संविधान कमजोर होगा तो निश्चित ही देश भी कमजोर होगा। इस मौके पर जयदेव सिंह, शिवकुमार, जोनी कुमार, सोमपाल सिंह, गिरीश चंद, तेजपाल सिंह, उमेश बेरवाल, अनिल कुमार, कैलाश कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *