नई टिहरी। नोडल अधिकारी स्वीप सीडीओ नमामि बंसल ने वीसी के माध्यम से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) की बैठक ली। बैठक में सीडीओ ने स्वीप के सदस्यों व नामित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीप के तहत माह दिसम्बर के लिए निर्धारित क्रियाकलापों का शतप्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करें।
बैठक में कहा कि अब तक भारत व राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक स्तर पर किया गया है। इसी प्रकार आगे भी मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए स्वीप के सभी सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) बनाकर उन्हें मतदाता जागरूकता संबंधी प्रशिक्षण समय से देना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी स्कूलों के अलावा प्राइवेट स्कूलों में भी ईएलसी का अनिवार्य रूप से गठन करवाते हुए प्रशिक्षण देना सुनिश्चित करें। जिस पर सीईओ एसपी सेमवाल ने बताया कि जनपद में ईएलसी का गठन कक्ष 9 से 12 तक के विद्यालयों में किया जाना है। जिसमें से 301 विद्यालयों में ईएलसी का गठन व प्रशिक्षण करवाया जा चुका है। इसी प्रकार जनपद में 951 बूथ अवेयरनेस ग्रुप बनाए जाने का लक्ष्य है। जिसमें से 723 ग्रुप बनाए जा चुके है। स्वीप कार्यक्रम के तहत चुनाव पाठशाला के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर समूहों के गठन के निर्देश दिए हैं। इस कार्य के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम को लागू करने को कहा। शिक्षा विभाग जनपद की महिला वोटर्स को जागरूक करने के लिए सांस्तिक दलों का सहयोग लेते हुये विकासखंड स्तर पर मतदाता जागरूकता संबंधी दो-दो कार्यक्रम आयोजित करें। ईएलसी से संबंधित गतिविधियों की फोटो, वीडियो व लिखित दस्तावेजों का संकलन करने को कहा। जनपद के युवा वोटर्स को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए माह दिसम्बर में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में यूथ वोटर्स फेस्टिवल के आयोजन के भी निर्देश दिये। बैठक एसडीएम अपूर्वा सिंह, सीईओ एसपी सेमवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी बबीता शाह आदि मौजूद रहे।