देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) ने मंगलवार को प्रदेश भर में यूनीफाइड पेंशन स्कीम की प्रतियां जला कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने साफ किया कि पुरानी पेंशन के अलावा दूसरा कोई भी विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा। एनएमओपीएस की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर कर्मचारियों ने अपने अपने कार्यालय में मौजूद रह कर केंद्र सरकार की नई यूनीफाइड पेंशन स्कीम का विरोध किया। प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि कर्मचारियों को सिर्फ और सिर्फ पुरानी पेंशन का लाभ चाहिए। पुरानी पेंशन बहाली को लगातार आंदोलन कार्यक्रम चलाए जाएंगे। कहा कि कई राज्यों ने पुरानी पेंशन को बहाल किया है। ये कर्मचारी आंदोलन की ही जीत है। अब केंद्र सरकार के स्तर से भी जल्द पुरानी पेंशन को बहाल किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार समेत अन्य राज्य सरकारों पर भी दबाव बना कर रखा जाएगा।
महामंत्री मुकेश रतूड़ी ने कहा कि जल्द हर जिले में भी आंदोलन शुरू किए जाएंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों को भी पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में लामबंद किया जाएगा। विरोध जताने वालों में कोषाध्यक्ष शांतनु शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत, प्रांतीय प्रचार सचिव हर्षवर्धन जमलोकी, पुष्करराज बहुगुणा, हेमलता कालिया, सूर्य सिंह पंवार, सुनील गुसाईं, उर्मिला द्विवेदी, रूचि पैन्यूली आदि मौजूद रहे।