16 महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों का फूटा गुस्सा

Spread the love

रुड़की()। इकबालपुर स्थित लक्ष्मी शुगर मिल में कार्यरत 300 कर्मचारियों को 16 महीने से वेतन नहीं मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए कर्मचारियों ने सोमवार को एकत्र होकर मिल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम को ज्ञापन देकर उनका वेतन जल्द दिलाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि दुकानों से उधार मिलना भी बंद हो गया। लक्ष्मी शुगर मिल इकबालपुर में वर्तमान में करीब 300 कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें 16 महीने से वेतन नहीं मिल पाया है। वेतन नहीं मिलने से उनकी पारिवारिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। बच्चों की स्कूल फीस से लेकर खाने का खर्च और दवाइयों का खर्च उठाना अब भारी पड़ रहा है। कर्मचारियों के पास आय का कोई दूसरा साधन भी नहीं है। उनका कहना था कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि राशन की दुकानों से भी उधार मिलना बंद हो गया है। कई बार कर्मचारी मिल प्रबंधन से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन हर बार जल्द ही वेतन दिए जाने का झूठा आश्वासन दिया जा रहा है। इस बीच उन्होंने उप जिला अधिकारी भगवानपुर को ज्ञापन भी प्रेषित किया। उनका आरोप था कि धरना-प्रदर्शन की जानकारी होने के बावजूद मिल महाप्रबंधक मौके पर कर्मचारियों से वार्ता करने के लिए नहीं पहुंचे। कहना है कि जब तक उन्हें वेतन नहीं मिल पाता तब तक वे शुगर मिल परिसर में धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। वहीं दूसरी ओर शुगर मिल महाप्रबंधक अनिल तंवर से फोन पर बात करने पर उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *