उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के कर्मचारियों ने उठाई समस्याओं के निस्तारण की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के कर्मचारियों ने पदोन्नति और स्थाईकरण की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों ने 16 दिसंबर को जोशीमठ में सांकेतिक धरना देने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द ही कर्मचारियों की समस्याएं हल करने की मांग की है। देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में कर्मचारी दीपक जुगराण, विक्रम रावत, राकेश थपलियाल, विनोद पुरोहित ने बताया कि वे पिछले लंबे समय से पदोन्नति व स्थाईकरण की मांग कर रहे है लेकिन सरकार कर्मचारियों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। बताया कि 400 से अधिक कर्मचारी पदोन्नति व स्थाईकरण नहीं होने से नाराज है। कहा कि सरकार ने अन्य विभागों में पदोन्नति को लेकर आदेश किए हैं लेकिन उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड कर्मचारियों के प्रति सरकार उदासीन रवैया अपना रही है। कहा कि जल्द ही समस्या का हल नहीं होने पर 16 दिसंबर को एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समस्या का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *