कर्मचारियों ने ओपीएस के नाम रोपे पौधे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पुरानी पेंशन बहाली के लिए राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने शनिवार को प्रदेश भर में एक पेड़ ओपीएस के नाम पौधा लगाया। इस मौके पर कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग किए जाने के बाद भी कर्मचारी की मांग पूरी नहीं की जा रही है। कहा कि कर्मचारियों के हित में जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाल की जानी चाहिए। इस दौरान राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि कार्मिकों के द्वारा लगातार संघर्ष के बाद एनपीएस में सरकार द्वारा कई फेर बदल किए गए, लेकिन अब यूपीएस के द्वारा अपने कर्मचारियों को एक और धोखा दिया गया है।
शनिवार को आयोजित पौध रोपण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि 2005 के बाद कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की जगह बाजार आधारित राष्ट्रीय पेंशन योजना दी गई। जिससे कर्मचारी परेशान है। प्रदेश महामंत्री जयदीप रावत ने कहा कि कर्मचारियों का मानना है कि जब तक जीपीएफ आधारित पुरानी पेंशन बहाल नहीं हो जाती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। पुरानी पेंशन बहाली के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। बताया कि शनिवार को प्रदेश में कार्मिकों द्वारा एक पेड़ पुरानी पेंशन के नाम पर लगाते हुए पर्यावरण को संरक्षित करते हुए अपने भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प लिया गया। कहा कि जब पुरानी पेंशन कर्मचारियों को दी जाएगी तभी वे सेवानिवृत्ति के बाद अपना जीवन खुशी-खुशी जी सकते हैं। कहा कि जिस प्रकार एक पेड़ को सुरक्षित करते हुए उसे आने वाले पीढ़ी के लिए कामयाब बनाया जाता है उसी प्रकार सरकार को पेंशन लागू करते हुए कार्मिकों के हित के लिए कार्य करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *