उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम के अंतर्गत राजकीय इंटर कालेज सुखरौ में गुरुवार को शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर अभिभावक संघ की ओर से कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह का आरंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुदर्शन सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक संघ लंबे समय से शिक्षक दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को सम्मानित करता आया है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। विशिष्ट अतिथि पूर्व सैनिक संघर्ष समिति अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत ने कहा कि अभिभावक संघ की यह पहल सराहनीय है। इस तरह के कार्य भविष्य में भी जारी रहने चाहिए। विद्यालय प्रधानाचार्य रविंद्र रावत ने कहा कि सभी शिक्षक कर्मचारी छात्र-छात्राओं के भविष्य के निर्माता हैं। किसी भी रूप में इनका सम्मान किया जाना चाहिए। पीटीए संरक्षक महेंद्र कुमार अग्रवाल ने शिक्षकों के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्ग दर्शन से ही हमारे देश को महान दार्शनिक एवं विद्वान राष्ट्रपति के रूप में डा. राधाकृष्णन जैसा व्यक्तित्व मिला। तत्पश्चात पूर्व प्रधानाचार्य डा. रमाकांत कुकरेती, पूर्व शिक्षक सुधीर असवाल, बलबीर सिंह रावत, जेपी ध्यानी, कविता बिष्ट रावत, कुलदीप मैंदोला, पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र अग्रवाल, जयवीर सिंह रावत और जगमोहन सिंह रावत सहित 20 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदीप अग्रवाल, चंद्रेश लखेड़ा, आरपी पंत, एपी डंगवाल और रिपुदमन बिष्ट सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *